उत्तर प्रदेश में वस्त्रोद्योग की अपार संभावनाएं : मंत्री राकेश सचान
लखनऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए योगी सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में गुरुवार को विधानसभा के मुख्य भवन के प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या-80 में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संत कबीर टेक्सटाइल पार्क एवं अपैरल पार्क योजना की प्रगति सहित विभाग की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री सचान ने योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों से चर्चा कर समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वस्त्रोद्योग क्षेत्र की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इसको देखते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना आवश्यक है, ताकि उत्तर प्रदेश को टेक्सटाइल एवं अपैरल सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनाया जा सके।
मंत्री सचान ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता उद्योगों के विकास के साथ-साथ अधिक से अधिक रोजगार सृजित करना है। टेक्सटाइल पार्क जैसी योजनाएं औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, निवेश को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, साथ ही कारीगरों और बुनकरों को बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे और क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर विलंब न हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और रोजगारपरक माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रमुख सचिव अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन