चिकित्सा शिक्षा एवं सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार सहित कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जीआईएमएस), ग्रेटर नोएडा की 11वीं शासी निकाय की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के क्रम में जीआईएमएस में पूर्व से स्वीकृत आठ सुपर स्पेशियलिटी विभागों के अतिरिक्त चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। इससे संस्थान में अत्याधुनिक एवं विशिष्ट चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा तथा गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त अस्पताल के बेसमेंट के सुदृढ़ीकरण एवं विकास के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई। मेडिकल कॉलेज परियोजना को शासी निकाय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा इस संबंध में आवश्यक अनुमोदन प्रदान किए गए।
शासी निकाय द्वारा संस्थान की दस वर्षीय विजन योजना को अनुमोदित किया गया। इस योजना को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। प्रथम चरण में वर्ष 2028 तक की तात्कालिक विकास कार्ययोजना, द्वितीय चरण में वर्ष 2031 तक की पंचवर्षीय रणनीतिक योजना तथा तृतीय चरण में वर्ष 2035 तक की दीर्घकालिक कार्ययोजना शामिल है। इसके अंतर्गत चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, शैक्षणिक क्षमता में वृद्धि, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहन, संस्थागत प्रत्यायन, राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में सुधार तथा आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आंखों के गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्थान में कॉर्निया ट्रांसप्लांट सेंटर की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही हीमोफीलिया से पीड़ित वयस्क मरीजों को समग्र एवं विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए व्यापक हीमोफीलिया उपचार केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इन केंद्रों की स्थापना से क्षेत्र के मरीजों को विशेष उपचार के लिए दूरस्थ चिकित्सा संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा वी. हेकाली झिमोमी ने संस्थान में एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 250 तथा बीएससी नर्सिंग की सीटें 100 किए जाने के साथ-साथ नर्स प्रैक्टिशनर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही करने का सुझाव दिया।
बैठक के प्रारंभ में निदेशक जीआईएमएस डॉ. (ब्रिगेडियर) राकेश के. गुप्ता ने संस्थान की चिकित्सा शिक्षा, रोगी उपचार, अनुसंधान, डिजिटल हेल्थ सेवाओं तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अर्जित महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही संस्थान को आगामी दस वर्षों में देश के अग्रणी तृतीयक एवं चतुर्थक चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने के उद्देश्य से तैयार की गई विस्तृत विकास कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसमें संस्थान को एक अग्रणी तृतीयक एवं चतुर्थक चिकित्सा सेवा संस्थान के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में प्रस्तुत प्रस्तावों का प्रमुख उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं तक मरीजों की पहुंच बढ़ाना, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना तथा क्षेत्र में जीआईएमएस को एक प्रमुख रेफरल चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करना है।
बैठक में विशेष सचिव, वित्त अलका वर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण नूपुर गोयल, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा, निदेशक पीजीआईसीएच, नोएडा डॉ. ए.के. सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन