समग्र शिक्षा के अनुमोदित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें: मुख्य सचिव
लखनऊ, 08 सितंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में मंगलवार को लखनऊ में समग्र शिक्षा कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा समग्र शिक्षा के अंतर्गत स्वीकृत कार्ययोजना एवं बजट के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए समग्र शिक्षा की अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सघन एवं लक्षित प्रयास किए जाएं। शासकीय विद्यालयों में भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाओं के लिए पर्याप्त मात्रा में आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहें तथा विद्यार्थियों द्वारा उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही धनराशि का उपयोग यूनिफॉर्म क्रय करने में करें तथा विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में ही विद्यालय भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि विद्यालयों में पठन-पाठन के साथ-साथ विद्यार्थियों के खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध उपकरणों एवं अन्य संसाधनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में समग्र शिक्षा के अंतर्गत राज्य परियोजना कार्यालय तथा समग्र शिक्षा (प्रारंभिक शिक्षा) एवं समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के अंतर्गत जिला परियोजना कार्यालयों में सेवा प्रदाता के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के मानदेय में 25 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि इन कार्मिकों के मानदेय में वर्ष 2020 से कोई वृद्धि नहीं हुई थी।
बैठक में बताया गया कि निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बाल वाटिका से कक्षा-2 तक के छात्र-छात्राओं में आधारभूत भाषायी एवं गणतीय दक्षताओं के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा-3 से 5 तक निपुण भारत मिशन का विस्तारीकरण करते हुए हिन्दी, गणित, अंग्रेजी एवं पर्यावरण विषयों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष, प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण संयुक्ता समद्दार, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन