सरकारी अस्पतालों में सेवानिवृत्त फौजी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

 




महोबा, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सरकारी अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा को लेकर शासन स्तर से पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने 33 गार्ड तैनात किए हैं। इससे अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से सेवानिवृत्त फौजियों की तैनाती की गई है।

सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके इसके लिए जिले भर में 33 सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। जिसमें जिला अस्पताल में 10 गार्ड, जिला महिला अस्पताल में 5 गार्ड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तीन तीन गार्ड तैनात रहेंगे। जोकि 24 घंटे अपनी सेवाएं देंगे। जिससे वार्ड ओपीडी और पार्किंग क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण के साथ ही अप्रिय घटनाओं से बचा जा सकेगा। जिससे जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों का भरोसा और बढ़ेगा।

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से सेवानिवृत्त फौजियों की तैनाती की गई है। आज सभी ने ज्वाइन कर लिया है। सेवानिवृत्त फौजियों की तैनाती से न सिर्फ सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि अस्पतालों में अनुशासन भी बेहतर होगा। जिला अस्पताल परिसर में फालतू घूमने वाले लोगों पर लगाम लग सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी