गंगा नहाते समय रिटायर्ड फौजी डूबा तलाश जारी

 

गंगा नहाते समय रिटायर्ड फौजी डूबा, तलाश जारी

फर्रुखाबाद, 21 जून (हि.स.) । कादरी गेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट स्थित दुर्वासा आश्रम के सामने रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक रिटायर्ड फौजी गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक करीब दो घंटे की तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका ।

फतेहगढ़ के शिवाजी कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय रमाशंकर अपने पड़ोसी आनंद प्रकाश मिश्रा तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गंगा स्नान करने पांचाल घाट आए थे। उनके साथ फिरोजाबाद के स्मार्ट नगर निवासी मोहित की पत्नी सुशीला देवी पत्नी मोहित, आगरा निवासी भांजी सुधा हाथरस की संध्यासहित लगभग 10 लोग मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान रमाशंकर अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। साथ आए लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। गोताखोर लगातार जाल डालकर गंगा में उनकी खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पता नहीं चल सका।

परिजनों ने बताया कि रमाशंकर सेना से सेवानिवृत्त थे और उनके तीन पुत्र राजन, कुलदीप तथा अनुज हैं, जो बाहर रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें भी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की सहायता से लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पानी के तेज बहाव के कारण कोई पता नही चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar