पुरानी पेंशन बहाली समेत 13 मांगें पूरी करे सरकार : संतोष तिवारी

 


कानपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा। इसमें कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और मांगों पर शासनादेश जारी करने की मांग की गई। यह जानकारी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री संतोष तिवारी ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर कानपुर नगर के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारी छह अक्टूबर को सामूहिक अवकाश पर रहे। कर्मचारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, योग्यताधारी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की शिक्षक पद पर पदोन्नति के लिए कोटा निर्धारित करने और सेवानिवृत्ति पर अधिकतम 300 दिनों के उपार्जित अवकाश का नकदीकरण देने की मांग की गई। 300 दिन अवकाश जमा करने की सीमा समाप्त करने तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की मांग भी रखी गई।

संगठन ने लिपिकीय संवर्ग का त्रिस्तरीय पुनर्गठन, एसीपी की विसंगतियां दूर करने और चतुर्थ श्रेणी से लिपिक तथा लिपिक से प्रधान लिपिक पद पर पदोन्नति में एक वेतनवृद्धि देने की मांग की। चतुर्थ श्रेणी से तृतीय श्रेणी पदोन्नति में ट्रिपल सी की अनिवार्यता में शिथिलता और योग्यता हासिल करने के लिए दो वर्ष का समय देने की मांग भी की गई।

तृतीय व चतुर्थ श्रेणी पदों पर नियुक्तियों की रोक हटाने, आउटसोर्सिंग बंद कर पूर्णकालिक नियुक्तियां करने और कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण की स्थायी नीति बनाने की मांग की गई। उन्हें 18 हजार रुपये नियमित वेतन और अवकाश सुविधा देने की मांग भी रखी गई।

इसके अलावा सहायता प्राप्त विद्यालयों की प्रबंध समिति व अन्य समितियों में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की भागीदारी, वित्तविहीन विद्यालयों के कर्मचारियों की सेवा नियमावली, मृतक आश्रितों की समय से नियुक्ति, 2014 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को सामूहिक बीमा योजना में शामिल करने और एकल स्थानांतरण की ऑनलाइन व्यवस्था की मांग की गई।

ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद जोशी, जिलाध्यक्ष अजय प्रधान, जिला मंत्री प्रसून तिवारी और जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप त्रिवेदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप