हर-हर महादेव के जयकारों से दिनभर गूंजा मुरादाबाद-हरिद्वार हाइवे

 


सावन मास के द्वितीय सोमवार व शिवरात्रि पर जलाभिषेक करेंगे कांवड़िएं

मुरादाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के द्वितीय सोमवार व मंगलवार को शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए रविवार को मुरादाबाद से होकर जनपद बरेली, रामपुर, संभल आदि के कांवड़ बेडे हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए गुजरे। यह सभी शिव भक्त हरिद्वार से कांवड़ भरकर ला रहे हैं। रविवार सुबह से शाम तक हर-हर महादेव के जयकारों से मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे गूंजता रहा।

दो दिन बाद 10 अगस्त को सावन मास का द्वितीय सोमवार और 11 अगस्त को सावन मास की शिवरात्रि हैं। श्रावण माह के सोमवार और शिवरात्रि पर काफी संख्या में कावड़ बेड़े और श्रद्धालु शिवलिंग व शिव परिवार पर जलाभिषेक कर अपना संकल्प पूरा करते हैं।

प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में और महाशिवरात्रि पर उत्तराखंड के हरिद्वार व हापुड़ जनपद के गढमुक्तेश्वर (ब्रजघाट) से कांवड़ लेकर आते हैं। दोनों स्थान से कांवड़ भरकर लाने वाले सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, बिलासपुर आदि के आसपास के जिलों के कांवड़ बेड़े और श्रद्धालु मुरादाबाद होकर गुजरते हैं। हजारों-लाखों की संख्या में मुरादाबाद के स्थानीय कांवड़ बेड़े और कांवरिये हरिद्वार में बृजघाट से कांवड़ में गंगाजल लेकर आते हैं। महाशिवरात्रि पर मुरादाबाद में लगभग 50,000 से अधिक कांवड़ और सावन मास के अंतिम सोमवार पर सवा लाख से अधिक कांवड़ स्थानीय शिव भक्तों द्वारा अति प्राचीन सिद्ध पीठ व अन्य मंदिर में चढ़ाई जाती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल