मुरादाबाद : तेंदुए के मूवमेंट की निगरानी के साथ रेस्क्यू अभियान जारी
मुरादाबाद, 28 अगस्त (हि.स.)।जनपद की ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम बलिया में रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार तेंदुए के मूवमेंट को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग के साथ टीम द्वारा शुक्रवार को ग्राम बलिया में रामगंगा नदी के पास तथा जनपद बिजनौर के रेहड़ी वन ब्लॉक क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया।
ट्रैप केज के माध्यम से जनपद में 10 तेंदुओं सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू करने के उद्देश्य से ओपन बैट एवं ट्रैप केज के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, योजनाबद्ध एवं संवेदनशील क्षेत्रों से तेंदुओं को रेस्क्यू किए जाने का कार्य लगातार जारी है।
रक्षाबंधन पर्व के दौरान लोगों के आवागमन में वृद्धि को देखते हुए ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के गांवों में सुबह से लाउडस्पीकर युक्त प्रचार-प्रसार वाहनों के माध्यम से लगातार भ्रमण कर ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
तेंदुए की सूचना प्राप्त होने वाले संवेदनशील गांवों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। सूचना के आधार पर वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है तथा ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
ठाकुरद्वारा तहसील के अंतर्गत लालापुर पीपलसाना, शेरपुर पट्टी एवं सुरजननगर में तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं। वर्तमान में ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के 18 गांवों में 25 पिंजरे लगाए गए हैं।
संवेदनशील गांवों लालापुर पीपलसाना, बहादर नगर, बढ़ापुर, रायभूड़, मलिकपुर सेमली, बलिया, मीरपुर, मीरपुर मोहनचक, मड़िया मीरपुर, कुंडेसरा, ख्वाजपुर धंतला, बहापुर, आलमगीरपुर, शेरपुर पट्टी, पाडला, मधुपुरी, शेरपुर बहलीन, बालापुर, गाबड़ी एवं कुआखेड़ा खालसा आदि में प्रचार-प्रसार वाहनों के माध्यम से व्यापक स्तर पर मुनादी, पंपलेट एवं गोष्ठियों का आयोजन कर ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल