प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर यमुनापार के मंदिरों में हुआ पूजन-अर्चन
-चारों विधानसभाओं एवं 20 मंडलों में हुए धार्मिक कार्यक्रमप्रयागराज, 10 जून (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला प्रयागराज यमुनापार द्वारा बुधवार को चारों विधानसभा क्षेत्रों एवं 20 मंडलों के प्रमुख मंदिरों में पूजन-अर्चन एवं प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की।मेजा विधानसभा के सिरसा स्थित श्रीनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।बारा विधानसभा के लालापुर स्थित मनकामेश्वर मंदिर में भाजपा के निवर्तमान लोकसभा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने पूजा-अर्चना कर देश की प्रगति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है।कोरांव विधानसभा के गजाधरपुर स्थित सोमनाथ मंदिर में विधायक राजमणि कोल ने पूजन-अर्चन किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। करछना विधानसभा के अरैल स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन किया गया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने नारीबारी मंडल के श्री सर्वेश्वर हनुमान मंदिर में पूजन-अर्चन कर हनुमान चालीसा पाठ करके प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा राष्ट्र की उन्नति की कामना की। मीडिया प्रभारी ने बताया कि इसी प्रकार यमुनापार के बीस मंडलों और चारों विधानसभाओं में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, मंडल अध्यक्ष आशीष पाल, राणा सेठ, लखन केशरी, डॉ. देवी सिंह, रामसुख, राजेश्वरी तिवारी, नागेश्वर निषाद, संतरा देवी, सुधाकर सिंह, धर्मराज पाल, द्धिजेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में श्रद्धा, उत्साह एवं संगठनात्मक एकजुटता का वातावरण देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र