2027 में सफलता का नया इतिहास रचें, हर वोट को करें सुरक्षित : विनोद राय

 




गोरखपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रथम औपचारिक गोरखपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। गोरखपुर की सीमा से लेकर जिला, महानगर और क्षेत्रीय कार्यालय तक ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नए क्षेत्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व महायोगी बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, रमेश सिंह, तथा नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सहजानंद राय एवं विजय राजभर का भी सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

अपने अभिनंदन से भावुक एवं अभिभूत दिखे क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मिला यह स्नेह, सम्मान और विश्वास उनके लिए ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस भरोसे के साथ उन्हें संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे तथा क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता से सतत संवाद बनाए रखेंगे।

उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को संगठन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एक-एक मतदाता तक पहुंचे और हर वोट को पार्टी के पक्ष में सुरक्षित करने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता केवल सामूहिक प्रयासों से ही संभव है और वे स्वयं प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता, सभी संगठन परिवार के अभिन्न सदस्य हैं।

विनोद राय ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रूप में दूरदर्शी एवं परिश्रमी नेतृत्व प्राप्त है। केंद्र में लगातार तीसरी बार और प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार जनता के विश्वास का प्रमाण है। अब वर्ष 2027 में इससे भी अधिक ऐतिहासिक सफलता अर्जित करने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि अब तक के सभी चुनावी रिकॉर्ड तोड़ते हुए नई सफलता का इतिहास रचा जाए।

निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कहा कि उन्हें लगभग 39 माह तक गोरखपुर क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला, जिसके लिए वे शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभारी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में सभी कार्यकर्ताओं का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विनोद राय के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा सभी कार्यकर्ता मिलकर वर्ष 2027 के मिशन को सफल बनाएंगे।

प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने भ्रम और झूठ का वातावरण बनाने का प्रयास किया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सजग रहने और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया ताकि वर्ष 2027 में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ विजय प्राप्त कर सके।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि यह अवसर केवल स्वागत का नहीं, बल्कि नए संकल्प का भी है। उन्होंने गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और नए क्षेत्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत इस बात का संकेत है कि संगठन पूरी मजबूती के साथ आगामी चुनाव की तैयारी में जुट चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में भाजपा पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने गोरखपुर क्षेत्र से भाजपा की ऐतिहासिक जीत का संकल्प लेने का आह्वान किया, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी पूंजी उनका सम्मान है। यदि कार्यकर्ताओं का सम्मान बना रहेगा तो संगठन का हर लक्ष्य स्वतः पूरा होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लल्लन त्रिपाठी ने की। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री एवं स्वागत समारोह के संयोजक सुनील गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, नगर निकायों के अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों तथा विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संगीता यादव, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला, प्रवीण निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय महामंत्री एवं सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, विधायक श्रीराम चौहान, बिपिन सिंह, राजेश त्रिपाठी, महेंद्र पाल सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, उपाध्यक्ष संजीव राय, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्वजितांशु सिंह 'आशू', छट्ठेलाल निगम, सुनीता श्रीवास्तव, साकेत सिंह 'सोनू', अरविंद जायसवाल, अजय सिंह गौतम, अखिलेश तिवारी, हरिचरण कुशवाहा, मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय 'नवीन', डॉ. सत्या पांडेय, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत राय, अमिता गुप्ता, पंकज जायसवाल, मंजू सरोज, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव, अनूप किशोर अग्रवाल, ब्रजेश मणि मिश्रा, मनोज शुक्ला, राकेश त्रिपाठी,मधुसूदन पांडेय, राहुल गिरी, आलोक आनंद, ऋषभ श्रीवास्तव, मनोज जायसवाल, अनुराग मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वागत समारोह पूरे समय भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भाजपा के उद्घोषों से गूंजता रहा। कार्यक्रम ने स्पष्ट संदेश दिया कि गोरखपुर क्षेत्र का भाजपा संगठन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय और संगठित होकर मैदान में उतरने की तैयारी कर चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय