विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करें : डॉ. राजीव कुमार

 


मुरादाबाद, 24 मई (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच, मुरादाबाद के तत्वावधान में रविवार शाम को मुरादाबाद जनपद की बिलारी तहसील कार्यकारिणी विस्तार बैठक का आयोजन लक्ष्मण सरस्वती शिशु मंदिर, बिलारी में संपन्न हुआ। बैठक में मंच के राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ. राजीव कुमार ने प्रत्येक नागरिक को स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए तथा विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक आंदोलन नहीं बल्कि राष्ट्रहित और सांस्कृतिक स्वाभिमान का विषय है।

राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ. राजीव कुमार ने वर्तमान समय में देश की परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर एवं स्वदेशी आधारित अर्थव्यवस्था की ओर आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।

स्वाबलंबी भारत अभियान कुलदीप एवं जिला संयोजक नीरज सोलंकी एडवोकेट ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई “स्वदेशी अपनाने” एवं “आत्मनिर्भर भारत” की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समाज स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करेगा तो देश का धन देश में ही रहेगा तथा छोटे उद्योगों, कुटीर उद्योगों एवं स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी।

बैठक में बिलारी तहसील कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए अजय अग्रवाल एडवोकेट को तहसील संयोजक, राजू गुप्ता एडवोकेट को तहसील सह संयोजक, भारत सिंह यादव एडवोकेट को तहसील कोषाध्यक्ष, विशाल गुप्ता को तहसील प्रचार प्रमुख, नीरज शर्मा को तहसील संपर्क प्रमुख तथा सिद्धार्थ शेखर को तहसील युवा प्रमुख की विशेष जिम्मेदारी प्रदान करते हुए संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं दायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में बिलारी नगर कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई, जिसमें पुष्पेंद्र सिंह को नगर संयोजक तथा नितिन शर्मा को नगर सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही राहुल जैन, विनीत कुमार बंसल, निहाल सिंह लाठर ,के के गुप्ता,गौरव शर्मा आदि को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल