राष्ट्रीय लोक अदालत में 2,30,121 वादों का रिकार्ड निस्तारण

 


प्रयागराज, 09 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद न्यायालय, प्रयागराज व समस्त तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।

यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज के सचिव प्रदीप्ति सिंह ने देते हुए बताया कि इस अवसर पर पीठासीन अधिकारी भूमि अधिग्रहण पुनर्वास और पुनर्स्थापन प्राधिकरण कृष्ण स्वरूप धर द्विवेदी, पीठासीन अधिकारी कमर्शियल कोर्ट प्रयागराज सुदामा प्रसाद व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 2,30,121 वादों का निस्तारण किया गया।

उन्होंने बताया कि जनपद न्यायाधीश द्वारा आर्बिट्रेशन वाद का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में फौजदारी के कुल 1817 वादों का निस्तारण किया गया। पारिवारिक न्यायालय द्वारा कुल 80 वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया गया। जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में 09 जोड़ों को आपसी सुलह समझौते के आधार पर एक साथ रहने के लिए समझौता किया गया और एक दूसरे को माला पहनाकर मिठाई खिलाई गई।

पीठासीन अधिकारी भूमि अधिग्रहण कृष्ण स्वरूप धर द्विवेदी ने कुल 02 वादों का निस्तारण किया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण पीठासीन अधिकारी उत्तरी पर्वेंद्र कुमार शर्मा ने 173 वादों का निस्तारण किया। पीठासीन अधिकारी कमर्शियल कोर्ट सुदामा प्रसाद ने 04 वादों का निस्तारण किया। अभय प्रताप सिंह प्रथम, अपर जनपद न्यायाधीश, ई0सी0 एक्ट द्वारा विद्युत के 499 मामलों का निस्तारण किया गया।

सचिव ने बताया कि इसी प्रकार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती त्रिशा मिश्रा ने 6207 वाद, विनय कुमार जायसवाल रेलवे मजिस्ट्रेट ने 1252 वाद निस्तारित किये। राजस्व न्यायालयों द्वारा कुल 1,12,404 वादों का निस्तारण किया गया। श्रुति सिंह पीठासीन अधिकारी वर्चुअल कोर्ट द्वारा 8595 चालानी वाद निस्तारित किए गए। बैंक के प्री-लिटिगेशन के 1228 मामले निस्तारित किये गये। अभय प्रताप सिंह प्रथम नोडल अधिकारी-एडीजे, लोक अदालत के निर्देशन में समस्त विभागों से समन्वय स्थापित कर लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र