सपा में कार्यकर्ता सिर्फ दरी बिछाने के लिए, सारे पद सैफई कुनबे के पास : राकेश त्रिपाठी

 


लखनऊ, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 'परिवारवाद' के मुद्दे पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के एक हालिया बयान पर तीखा हमला बोला।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश में पूरी तरह से लोकतंत्र स्थापित है, लेकिन कुछ सियासी युवराज आज भी देश और प्रदेश में राजशाही वाली व्यवस्था चाहते हैं। उन्होंने परिवारवाद पर अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि सार्वजनिक मंचों से परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली बातें करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सपा कार्यकर्ताओं का केवल इस्तेमाल करती है। समाजवादी पार्टी में आम कार्यकर्ताओं की स्थिति बेहद दयनीय है।

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा में जमीनी कार्यकर्ताओं का काम केवल दरी बिछाना, झंडा लगाना और बड़े नेताओं के समर्थन में नारे लगाने तक ही सीमित रख दिया गया है। निर्णय और पदों पर केवल 'सैफई कुनबे' का अधिकार है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी में किसी भी आम या योग्य कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का अधिकार केवल एक परिवार के पास है। सांसद, विधायक और अन्य महत्वपूर्ण पदों के टिकट केवल 'सैफई कुनबे' के लोगों में ही बांटे जाते हैं। नीतिगत और राजनैतिक फैसले लेने का सर्वाधिकार भी सिर्फ इसी परिवार के पास सुरक्षित है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन