महिलाओं के लिए सपा की घोषणाएं चुनावी और हवा हवाई: राकेश त्रिपाठी
लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने बुधवार काे समाजवादी पार्टी (सपा) को 'महिला विरोधी' करार देते हुए कहा कि महिलाओं के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा की जा रही तमाम घोषणाएं पूरी तरह चुनावी और हवा-हवाई हैं।सपा पर आरोप लगाते हुए राकेश त्रिपाठी ने कहा, कि अखिलेश यादव के शासनकाल में उत्तर प्रदेश की महिलाओं पर सर्वाधिक अत्याचार होते थे। उस समय राज्य में कानून-व्यवस्था का यह हाल था कि मनचलों और शोहदों के डर से बच्चियों को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़कर स्कूल ड्रॉप-आउट करना पड़ता था। उन्होंने सपा के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए तंज कसा कि 'लड़के हैं, लड़कों से गलतियां हो जाती हैं' यही समाजवादी पार्टी का असली सिद्धांत और सोच रही है।लाल टोपी मतलब खतरे का निशानभाजपा प्रवक्ता ने सपा के पारंपरिक पहनावे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता के लिए सपा की 'लाल टोपी' का मतलब सिर्फ और सिर्फ 'खतरे का निशान' है। उन्होंने कहा, आज जब भाजपा की योगी सरकार में सूबे की महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा का असली एहसास मिला है, तो उन्हें देख 'सपाई बिटिया' घबरा रही है। सूबे की महिलाएं यह कभी नहीं भूल सकतीं कि संसद में महिला आरक्षण बिल का रास्ता रोकने और उसमें बाधा उत्पन्न करने में सपा ने क्या भूमिका निभाई थी।कांग्रेस की योजनाओं का विस्तार है सपा की घोषणाएंराकेश त्रिपाठी ने सपा की लोक-लुभावन घोषणाओं की तुलना कांग्रेस से करते हुए कहा कि ये वादे और कुछ नहीं, बल्कि कांग्रेस की 'खटाखट-फटाफट' वाली हवा-हवाई घोषणाओं का ही एक नया विस्तार हैं, जिनका जमीन पर कोई वजूद नहीं है।उन्होंने दो टूक शब्दों में दावा किया कि उत्तर प्रदेश की आधी आबादी (महिलाएं) सपा के इस छलावे को अच्छी तरह समझती हैं, इसलिए महिलाओं का वोट समाजवादी पार्टी को कभी नहीं मिलेगा। योगी सरकार में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के बढ़ते ग्राफ के कारण जनता विपक्ष के बहकावे में आने वाली नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन