प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह हो चुकी फेल : अजय राय

 


लखनऊ, 02 जून (हि.स.)। उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश में हत्या, बलात्कार, संगठित अपराध, रंगदारी, मादक पदार्थ तस्करी, पुलिस उत्पीड़न एवं कानून व्यवस्था की निरंतर बिगड़ती स्थिति के सम्बन्ध में उच्च स्तरीय हस्तक्षेप एवं जवाबदेही सुनिश्चित किये जाने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पत्र में लिखा है कि उ0प्र0 सरकार विगत कई वर्षों से अपराधमुक्त प्रदेश, कानून का राज तथा अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई के दावे करती रही है। जबकि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। पुलिस मुठभेड़ों (एनकाउंटरों) को भी कानून व्यवस्था की सफलता के प्रमुख सूचना के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 के केवल प्रथम पांच माह में ही 23 अपराधियों के पुलिस मुठभेड़ों में मारे जाने का दावा किया गया है। इतना ही नहीं मई 2026 में मात्र दो दिनों (6 एवं 7 मई) के भीतर प्रदेश में 35 पुलिस मुठभेड़ों की सूचना सार्वजनिक की गयी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि वर्ष 2026 में प्रदेश के विभिन्न मंडलों में हुई हत्या, बलात्कार, बाल अपराध, रंगदारी, संगठित अपराध एवं मादक पदार्थ तस्करी के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। बहुचर्चित कोडिन युक्त सिरप कांड की वर्तमान स्थिति, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा संभावित संरक्षणकर्ताओं की भूमिका की स्वतंत्र जांच कराई जाए। विनीत राय हत्याकांड की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराकर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए। सियाराम उपाध्याय मृत्यु प्रकरण में अब तक हुई कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा दोषियों के विरूद्ध प्रभारी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अजय राय ने पत्र में लिखा है कि उत्तर प्रदेश की जनता को केवल अपराधियों के विरूद्ध कार्रवाई के दावे नहीं बल्कि भयमुक्त वातावरण, प्रभावी न्याय व्यवस्था, उत्तरदायी प्रशासन तथा कानून के निष्पक्ष शासन की आवश्यकता है। आशा है कि इस अत्यंत गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक हस्तक्षेप करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन