वृहद वृक्षारोपण अभियान के लिए रवीन्द्र कुमार प्रथम देवरिया के नोडल अधिकारी बने

 


देवरिया, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद देवरिया के लिए रवीन्द्र कुमार-। (प्रथम), सचिव, नगर विकास एवं प्रबंध निदेशक जल निगम (नगरीय) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार वे जिले में अभियान के प्रभावी संचालन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा पौधरोपण कार्यक्रम की सतत निगरानी करेंगे।

शासन ने इस वर्ष वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर संचालित करने की योजना बनाई है। इसी क्रम में प्रत्येक जनपद के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि अभियान का सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

देवरिया जनपद को 12 जुलाई के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 35 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। नामित नोडल अधिकारी रवीन्द्र कुमार-। इस लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित कराने के साथ-साथ सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे। वे अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा पौधरोपण से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे।

अभियान के दौरान वन विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, कृषि तथा अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सड़क किनारे, तालाबों के आसपास तथा अन्य चिन्हित स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तैयारियां पूरी करने तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जलवायु संतुलन की दिशा में सार्थक परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक