सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे उठाएगी राष्ट्र उदय पार्टी : राम आसरे पाल
कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। सामाजिक न्याय, आरक्षण में उपवर्गीकरण, अति पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के साथ किसानों, पशुपालकों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठा रही है। यह बातें बुधवार को राष्ट्र उदय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राम आसरे पाल ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।
राष्ट्र उदय पार्टी का आठवां स्थापना दिवस दो अक्टूबर को किदवईनगर स्थित डॉ. चिरंजीलाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में मनाया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूराम पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। स्थापना दिवस समारोह को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
राम आसरे पाल ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में सामाजिक न्याय, आरक्षण में उपवर्गीकरण, अति पिछड़ा वर्ग के अधिकार, किसानों, पशुपालकों और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर अपने स्तर पर लगातार आवाज उठाती रही है। समारोह के दौरान पार्टी की मांगों और आगे की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी की प्रमुख मांगों में केंद्र सरकार के 27 प्रतिशत आरक्षण के उपवर्गीकरण के लिए गठित रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू करना शामिल है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने तथा कर्पूरी ठाकुर आरक्षण फार्मूला लागू करने की मांग भी पार्टी की ओर से की जा रही है। पार्टी ने क्रीमी लेयर की वार्षिक आय सीमा आठ लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने की मांग भी रखी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों से जुड़े मुद्दे को भी पार्टी के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल बताया। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए किसान आयोग के गठन की मांग की गई है। इसके साथ ही पशुपालकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी पार्टी की ओर से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ निजीकरण और सरकारी संपत्तियों की बिक्री रोकने की मांग भी पार्टी उठाएगी। इसके अलावा भारी वाहन चालकों के लिए 50 लाख रुपये के बीमा कवर की मांग भी पार्टी के एजेंडे में शामिल है। स्थापना दिवस समारोह में इन सभी मुद्दों पर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. अखिलेश पाल, डॉ. रामबाबू पाल, रीता एलबी पाल, के.के. पाल, ओमकार सिंह, गुलाब चंद्र वर्मा, नंदलाल पालपुर और केशराम पाल एडवोकेट समेत कई लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता वंशलाल पाल, जिलाध्यक्ष कानपुर नगर फूल सिंह, जिला महासचिव सुरेश पाल फौजी, पार्टी संस्थापक इंद्रपाल, शिवनारायण आदि लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप