रसिन डैम के फाटक खोले जाने से बांदा में बाढ़ का खतरा ,अलर्ट जारी
बांदा, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद चित्रकूट स्थित रसिन डैम के फाटक खोले जाने के बाद बाघेन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका को देखते हुए बांदा जिला प्रशासन ने आमजन के लिए महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। लगातार हो रही भारी वर्षा के बीच नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
बांदा बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा मंगलवार को अपराह्न प्राप्त सूचना के अनुसार, चित्रकूट जिले में स्थित रसिन डैम के फाटक खोल दिए गए हैं। इसके चलते बाघेन नदी के जलस्तर में लगभग 2 से 3 फीट तक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने विशेष रूप से थाना बदौसा, बिसंडा और कमासिन क्षेत्र के अंतर्गत बाघेन नदी के किनारे और आसपास रहने वाले नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारे न जाएं, जलस्तर पर लगातार नजर रखें और पानी बढ़ने की स्थिति में नदी से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने आमजन से यह भी अपील की है कि भारी वर्षा और नदी-नालों में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा रपटों पर वाहन लेकर जाने का जोखिम न उठाएं। किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए लोगों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह