कानूनी रूप से मान्य जानवरों की ही कुर्बानी करें : इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया
लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया ने बकरीद के मद्देनजर देश भर के मुसलमानों के लिए 12 सूत्रीय दिशा निर्देश जारी किया है। इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शुक्रवार को निर्देश जारी करते हुए कहा कि हर साल की तरह इस बार भी कुर्बानी जरूर करें। कुर्बानी से बेहतर कोई इबादत नहीं है। इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि यह ध्यान रखें कि कानूनी रूप से मान्य जानवरों की ही कुर्बानी हो। कुर्बानी के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें। तय और अनुमति वाले स्थानों पर ही कुर्बानी करें। गली व सड़क पर कुर्बानी न करें। जानवर के खून को नालियों में न बहायें। कुर्बानी का हिस्सा गरीबों और जरूरतमंदों में बांटें। इसके साथ ही साफ-सफाई और स्वच्छता के बेहतर इंतजाम रखने का निर्देश दिया गया है। नमाज को लेकर कहा गया है कि मुसलमान सड़कों पर नमाज न पढ़ें। ईद की नमाज मस्जिदों और ईदगाहों में ही पढ़ें। दुनिया में अमन व अपने मुल्क की तरक्की के लिए दुवाएं करें।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन