दिव्यांगों ने समस्याओं को लेकर विधायक कार्यालय का किया घेराव, आश्वासन पर माने
कानपुर, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में विभिन्न मांगों और कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी के कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लंबित शिकायतों पर कार्रवाई की मांग उठाई। विधायक से फोन पर बातचीत में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि दिव्यांगजनों की शिकायतों पर प्रशासन अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है, जिससे पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते हैं, जबकि शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाता। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष आनंद तिवारी, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष अल्पना कुमारी, अशोक कुमार, अरविंद सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गौरव कुमार, गोमती वर्मा, ओम प्रकाश दास, सरला, राम जानकी और सत्य प्रकाश शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप