फांसी पर लटका मिला दुष्कर्म का आरोपित, पुलिस ने शुरु की जांच

 


जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले में शनिवार देर रात दुष्कर्म के एक आरोपित युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान विजय कुमार यादव (22) पुत्र रामसूरत यादव निवासी अमरा गांव, थाना गौराबादशाहपुर के रूप में हुई है। विजय कुमार यादव और उसके साथी राहुल यादव के खिलाफ लगभग 10 दिन पहले गांव की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। एफआईआर के बाद दोनों आरोपित फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस के अनुसार फरारी के दौरान दोनों आरोपियों ने वाजिदपुर उत्तरी स्थित एक मकान में शरण ले रखी थी, जिसे गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा बनाया गया था। इसी दौरान शनिवार देर रात विजय कुमार यादव ने रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी करीब रात 3:30 बजे चौकी प्रभारी भंडारी जयदीप कुमार कोल को मिली, जिसके बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

रविवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्व नाथ प्रताप सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं फरार दूसरे आरोपित की तलाश जारी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव