हम केवल विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक नहीं है, समाज हमारी ओर आशा की दृष्टि से देख रहा है : शेषधर द्विवेदी

 




रानी रेवती देवी में चल रहा पांच दिवसीय प्रांतीय बालिका शिक्षा प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

प्रयागराज, 01 जुलाई (हि.स.)। हम केवल विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक नहीं हैं, समाज हमारी ओर आशा की दृष्टि से देख रहा है। हमें इस पर खरा उतरना ही होगा। उक्त बातें बुधवार को विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर प्रयागराज के पावन परिसर में आयोजित पांच दिवसीय बालिका शिक्षा प्रशिक्षण वर्ग के समापन के मौके पर प्रदेश निरीक्षक, भारतीय शिक्षा समिति उ.प्र. शेषधर द्विवेदी ने कहीं।

उन्होंने पंच परिवर्तन में परिवार की भूमिका' विषय पर कहा कि कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर हम विद्यालयों के माध्यम से समाज में बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने जोर दिया, हम केवल विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक नहीं हैं, समाज हमारी ओर आशा की दृष्टि से देख रहा है। हमें इस पर खरा उतरना ही होगा। द्वितीय सत्र, जो कि समापन सत्र भी रहा,उसमें उपाध्यक्ष भारतीय शिक्षा समिति एवं विख्यात शिक्षाविद् रघुराज सिंह ने 'शिक्षा एवं उसका क्रियान्वयन' विषय पर बोलते हुए कहा, नारी तू नारायणी, यत्र नार्यस्तु पूज्यते, रमन्ते तत्र देवता। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा ने सृष्टि रची पर सृजन का कार्य नारी शक्ति ने संभाला। आज बालिकाओं को ऐसी शिक्षा दी जा रही है जो उन्हें संस्कारों से दूर कर रही है, 50-60 वर्ष पहले के संस्कारों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तब बालिकाएँ विद्यालय भले नहीं जाती थीं, पर घर में माँ, दादी, चाची, बुआ से उन्हें संस्कार मिलते थे। आज हमें आत्ममंथन करना होगा कि हम कहाँ चूक कर रहे हैं। यदि बालिकाएँ शिक्षित होंगी तो उनकी संतानें भी शिक्षित होंगी और समाज सन्मार्ग पर चलेगाl

आगे के सत्रों में डॉ. कीर्ति श्रीवास्तव ने किशोरावस्था में शारीरिक-मानसिक बदलाव, निधि द्विवेदी ने 'दादी माँ की पाठशाला' तथा बालिका शिक्षा परिषद के 10 परिषदों की जानकारी प्रदान की एवं प्रान्तीय प्रमुख बेबिका राय ने 'भारतीय परम्पराओं में विज्ञान' पर विचार रखे।

विद्या भारती से संबद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर प्रयागराज के पावन परिसर में प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह के संयोजन एवं क्षेत्रीय बालिका शिक्षा प्रभारी उमाशंकर मिश्रा के नेतृत्व में चल रहा पांच दिवसीय बालिका शिक्षा प्रशिक्षण वर्ग परिवार की भूमिका व शिक्षा के क्रियान्वयन पर मंथन तथा समाज परिवर्तन के संकल्प के साथ संपन्न हुआ l

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने बताया कार्यक्रम का संचालन रेनू सिंह ने किया जबकि अतिथियों का परिचय विद्यालय के आचार्य दिनेश कुमार शुक्ला ने दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशिक्षण के समापन पर सभी ने विद्या भारती के उद्देश्य को सफल बनाने और राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाने का संकल्प लिया। अंत में समस्त प्रतिभागियों को अंग वस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया l

कार्यक्रम को सफल बनाने में वंदना सिन्हा, नेहा रंजन सिंह, रीता विश्वकर्मा, रमेश चंद्र मिश्रा, शैलेश सिंह यादव, कपिल देव सिंह, दयाशंकर गुप्ता, कुंदन सिंह, अवधेश गुप्ता, वकील प्रसाद, शशि कपूर गुप्ता सुशील पाल, पायल जायसवाल, अर्चना राय, गिरजेश सिंह, सचिन सिंह परिहार, दीपक दयाल, प्रभात शर्मा, प्रवीण द्विवेदी, गिरीश पांडे प्रमुख रहे l

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल