आग से कई घर जलकर राख, दो महिलाएं भी झुलसी
सीतापुर , 19 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरी गणेशपुर के तुलापुरवा में गुरुवार शाम करीब चार बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई रिहायशी मकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ। घटना में दो महिलाएं झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
आग से साहेब लाल पुत्र महलू, विकास पुत्र साहेब लाल, बहाऊ पुत्र छेद्दू, काशीराम पट्टे और कृपालाल पुत्र साहेब लाल के घरों को गंभीर क्षति पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक साहेब लाल के परिवार को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर व अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। क्षेत्रीय लेखपाल को सूचना दे दी गई है, ताकि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। लेखपाल रामकुमार ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma