उप्र के रामपुर सीआरपीएफ कैंप में घुसे दो संदिग्ध युवक पकड़े गए
रामपुर, 08 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) कैंप में घुसे दो संदिग्ध युवक पकड़े गए हैं। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया है। ये लोग बिना इजाज़त के कैंप में घुसे थे। अब पुलिस दोनों युवकों से कैंप परिसर में घुसने की वजह के बारे में पूछताछ कर रही है।
सीआरपीएफ में तैनात उप कमांडेंट सौरभ राजपूत ने बुधवार को सिविल लाइंस थाना पुलिस में दी गई एक लिखित शिकायत में बताया कि कैंप की सुरक्षा में मुस्तैद सुरक्षा कर्मियों ने शक के आधार पर इन युवकों को पूछताछ के लिए रोका। लेकिन युवक वहां मौजूद होने का कोई सही कारण नहीं बता पाए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को गुमराह करने की भी कोशिश की। इसके बाद दोनों संदिग्ध युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि कड़ी पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए संदिग्ध युवकों में एक पटवाई गांव का नईम और दूसरा घोसीपुरा गांव निवासी भूरा है। दोनों के खिलाफ सीआरपीएफ प्रशासन से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 31 दिसंबर, 2007 की रात को आतंकवादियों ने सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हमला किया था। उस घटना में सीआरपीएफ के सात जवान शहीद हो गए थे और एक रिक्शा चालक की भी जान चली गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक