रामपुर भीमसेन बनेगा सोलर मॉडल ग्राम, एक करोड़ से अधिक की लागत से लगेंगे सौर संयंत्र
कानपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से कल्याणपुर विकासखंड के रामपुर भीमसेन गांव को सोलर मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दी गई।
रामपुर भीमसेन का चयन मई 2025 में सोलर मॉडल ग्राम के रूप में किया गया था। इसके बाद नई दिल्ली की वसुधा फाउंडेशन ने गांव का सर्वेक्षण कर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के निर्धारित मानकों के अनुसार डीपीआर तैयार की। बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी राकेश ने परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया। समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने डीपीआर का अनुमोदन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए।
परियोजना पर कुल एक करोड़ 28 हजार 13 रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें 96 लाख 62 हजार 945 रुपये केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में प्रस्तावित हैं, जबकि तीन लाख 65 हजार 68 रुपये स्वयं सहायता समूहों की ओर से दिए जाएंगे। योजना के तहत पंचायत भवन, पात्र सरकारी भवनों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक गांव को सोलर मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से प्रति गांव एक करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी राकेश, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप