दो बैराजों से पानी छोड़ने से रामगंगा नदी उफान पर
मुरादाबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के काशीपुर स्थित फीका बैराज और बिजनौर के खो बैराज से मंगलवार को पानी छोड़े जाने के कारण बुधवार को रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जिला प्रशासन ने पानी के बहाव को देखते हुए नदी के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया है। अभी रामगंगा नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है।
जिला सूचना कार्यालय से प्राप्त प्रेस नोट के अनुसार मुरादाबाद में रामगंगा नदी का वर्तमान में जलस्तर 188.95 मीटर है जबकि खतरे का स्तर 190.60 मीटर पर है। काशीपुर स्थित फीका बैराज से 9484 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी ढेला नदी से होते हुए रामगंगा नदी में मिलेगा। इसी प्रकार बिजनौर जिले से शेरगढ़ कोट स्थित खो बैराज से 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी रामगंगा नदी में बुधवार को आएगा।
बाढ़ खंड विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश गंगवार का कहना है कि खो बैराज का पानी आज रामगंगा नदी में आएगा लेकिन अभी खतरे के निशान से नीचे है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल