सर्राफा उद्योग के सुझावों को संसदीय समिति के समक्ष रखा : रमेश अवस्थी
कानपुर, 10 जून (हि.स.)। स्वर्ण आयात पर निर्भरता कम करने, घरेलू आभूषण उद्योग को मजबूती देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से सर्राफा उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में रखे गए। अहमदाबाद में आयोजित बैठक में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि उद्योग जगत से प्राप्त व्यावहारिक सुझावों को अपनाकर देशहित में संतुलित नीति बनाई जा सकती है। यह बातें बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।
अहमदाबाद में आयोजित वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर सर्राफा व्यापार एवं आभूषण उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि कानपुर सर्राफा कमेटी (रजि.) की ओर से स्वर्ण आयात कम करने तथा घरेलू स्वर्ण संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए कई सुझाव दिए गए हैं, जिन्हें समिति के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
बैठक में स्वर्ण एवं रजत आयात की व्यवस्था, गोल्ड ईटीएफ के विस्तार, नए ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के पंजीकरण, डोरे बार (रॉ गोल्ड) आयात, बुलियन बिक्री के नियमन तथा आभूषण निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। साथ ही 18 कैरेट आभूषणों को प्रोत्साहन देने और पुराने स्वर्ण के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के सुझाव भी रखे गए।
सांसद अवस्थी ने समिति को बताया कि इन प्रस्तावों का उद्देश्य विदेशी मुद्रा की बचत, घरेलू उद्योग को सशक्त बनाना तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध और संतुलित तरीके से इन सुझावों को लागू कर स्वर्ण आयात में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि केवल आयात शुल्क बढ़ाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए उद्योग एवं व्यापार जगत के व्यावहारिक सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करना आवश्यक है। समिति के सदस्यों ने प्रस्तुत प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सर्राफा उद्योग से जुड़े सुझाव आर्थिक सुदृढ़ीकरण और रोजगार संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। बैठक में वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ गुजरात सर्राफा व्यापार से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप