आवास समिति के सदस्य बने रमेश अवस्थी, संसद में कानपुर की आवाज मजबूत करने का संकल्प

 




कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर की जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाना प्राथमिकता है और मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा व गंभीरता से निर्वहन करूंगा। क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से सदन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करूंगा। यह बातें बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा की आवास समिति का सदस्य नियुक्त किए जाने पर कही।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कानपुर सांसद रमेश अवस्थी को संसद की महत्वपूर्ण आवास समिति का सदस्य नियुक्त किया है। समिति सांसदों के आवास, सुविधाओं और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं निगरानी करती है। समिति के माध्यम से सांसदों से जुड़े आवासीय और प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है।

रमेश अवस्थी ने जिम्मेदारी मिलने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संसद में कानपुर की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता से जुड़े विषयों के साथ विकास से संबंधित मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन तक पहुंचाने के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे।

सांसद की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसे कानपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि संसद की महत्वपूर्ण समिति में जिम्मेदारी मिलने से रमेश अवस्थी को संसदीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा और कानपुर के जनप्रतिनिधित्व को भी मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप