राम नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, कन्या पूजन की रही धूम
जौनपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आस्था के प्रमुख केंद्र शीतला चौकिया धाम सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को चैत्र नवरात्र की नवमी हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां भगवती के सिद्धिदात्री स्वरूप का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और घरों में कन्या पूजन का आयोजन किया।
सुबह से ही मंदिरों और घरों में भक्ति का माहौल बना रहा। 2 से 10 वर्ष की कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। परंपरा के अनुसार भक्तों ने कन्याओं को आदरपूर्वक घर आमंत्रित कर आसन पर बैठाया, उनके पैर पखारे, कुमकुम-हल्दी का तिलक लगाया और कलाई पर मौली बांधी। इसके बाद उन्हें खीर, हलवा, पूरी, चने और मिठाई जैसे विशेष प्रसाद का भोजन कराया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार कन्याओं के साथ एक छोटे बालक को भी भोजन कराया गया, जिसे भगवान भैरव का स्वरूप माना जाता है। इस दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है, जिसे लेकर लोगों में खास उत्साह देखा गया।
शुभ मुहूर्त के अनुसार इस नवमी को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय कन्या पूजन के लिए विशेष फलदायी माना गया, जिसके दौरान अधिकांश परिवारों ने अपनी पूजा संपन्न की। भोजन के बाद कन्याओं को सामर्थ्य अनुसार उपहार और दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी आस्था में लीन नजर आए। अपर जिलाधिकारी अजय अम्बस्त ने अपने परिवार के साथ शीतला चौकिया धाम पहुंचकर कन्या पूजन किया और उनके चरण पखारकर भोजन कराया। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि, यश और कीर्ति का वास होता है। जौनपुर जिले के विभिन्न मंदिरों में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण माता के जयकारों से गूंजता रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव