रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानें
जौनपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर जौनपुर के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक राखियों की दुकानें रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सज गई हैं। पर्व को लेकर दुकानदारों ने विभिन्न डिजाइन और कीमतों की राखियों का पर्याप्त स्टॉक किया है।बाजार में हर वर्ग और बजट के अनुरूप राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदार रमेश ने बताया कि मौली, रेशम और बड्स से बनी पारंपरिक राखियों के साथ मोती, स्टोन और फैंसी डिजाइन वाली राखियों की भी खूब मांग है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए छोटा भीम, स्पाइडरमैन और विभिन्न सुपरहीरो थीम वाली राखियां दुकानों पर विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।पिछले कुछ वर्षों में भाभियों को रक्षा सूत्र बांधने का चलन भी बढ़ा है। इसे देखते हुए दुकानदारों ने गुजरात और कोलकाता से आकर्षक ‘लुंबा’ सेट मंगाए हैं। इनकी कीमत 100 रुपये से लेकर 1,000 रुपये तक है। महिलाओं में इन लुंबा सेट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।राखियों के साथ पूजन सामग्री की बिक्री में भी तेजी आई है। पूजा की सजावटी थाली, रोली, चंदन, अक्षत और मौली की मांग बढ़ गई है। ओलंदगंज के व्यापारी सौरभ सेठ और आदर्श गुप्ता ने बताया कि ग्राहक सुबह से ही राखी और अन्य सामान की खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। दुकानों पर गिफ्ट आइटम और सजावटी सामान भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं। सुजानगंज समेत जिले के अन्य ग्रामीण बाजारों में भी राखी की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों को रक्षाबंधन के नजदीक आने के साथ बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव