बहनों का आखिरी सांस तक अपनेपन का निभाऊंगा साथ : अजय कपूर

 


कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। हजारों बहनों से मिलने वाला स्नेह और अपनापन जीवन की आखिरी सांस तक निभाऊंगा। उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहूंगा और बहनों के उत्थान के लिए जीवनपर्यंत कार्य करता रहूंगा। यह बातें गुरुवार को बहन फाउंडेशन की ओर से आयोजित राखी महोत्सव के तीसरे दिन वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अजय कपूर ने कहीं।

राखी बांधने के लिए सुबह से ही बहनें कार्यक्रम स्थल पहुंचने लगीं। करीब 1400 बहनों ने अजय कपूर की कलाई पर फूलों की राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। अजय कपूर ने हर बहन को राखी का वचन निभाने का भरोसा दिलाया और उनका आशीर्वाद लिया।

उन्होंने कहा कि कानपुर की बहनों से मिलने वाले प्रेम और स्नेह को वह जीवनभर संजोकर रखेंगे। बहनों के इस स्नेह को कभी भुलाया नहीं जा सकता। बहनों ने कहा कि अजय कपूर उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं और वे भी जीवनभर उनका साथ देती रहेंगी।

राखी महोत्सव में लोकप्रिय राजस्थानी लोक कलाकार एवं नृत्यांगना गोरी नागोरी भी पहुंचीं। उनके पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला। गोरी नागोरी ने बहनों से मुलाकात की, उनके साथ सेल्फी ली और अजय कपूर को राखी भी बांधी।

कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने शिरकत कर बहनों को रक्षाबंधन की बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन एंकर दीक्षा और शीतल ने किया। गायिका श्रेया और पिंकी ने राखी के गीत प्रस्तुत कर माहौल को भाई-बहन के प्रेम से सराबोर कर दिया।

महोत्सव में धरीपुरवा, नौबस्ता, एफ ब्लॉक बर्रा-8, जाटनपुरवा टीपी नगर, संजय नगर सीटीआई, जूही बंबुरहिया, रविदासपुरम गुजैनी, सरायमीता पनकी, कच्ची बस्ती गोविंद नगर, रामआसरे नगर और गोविंद नगर समेत कई क्षेत्रों से आईं करीब 1400 बहनें मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप