सपा रायबरेली में शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस को दिखाना चाह रही हैसियत: राकेश त्रिपाठी

 


लखनऊ, 24 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रथ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने गुरुवार को सपा की इस यात्रा पर तीखा तंज कसते हुए इसे कांग्रेस को उसकी 'हैसियत' दिखाने की कोशिश करार दिया है।

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जानबूझकर अपनी यात्रा की शुरुआत रायबरेली से कर रहे हैं, जहां से राहुल गांधी सांसद हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा वहां अपना शक्ति प्रदर्शन कर कांग्रेस को उसकी जमीनी हकीकत और हैसियत दिखाना चाहती है।

भाजपा प्रवक्ता के कहा कि सपा और कांग्रेस के गठबंधन में इस समय भारी जोर आजमाइश चल रही है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है, तो अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत वह भी अखिलेश यादव के गढ़ यानी कन्नौज और मैनपुरी से करें।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सपा मुखिया अब अपनी पारंपरिक साइकिल छोड़कर रथ पर सवार हो गए हैं, जो उनकी बदलती राजनीति को दर्शाता है। राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव को मशवरा दिया कि जब वे रथ पर सवार होकर रायबरेली जाएं, तो रास्ते में योगी सरकार द्वारा किए गए एक्सप्रेसवे और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों को भी ध्यान से देखते जाएं।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज (गुरुवार) को लखनऊ से रायबरेली तक चुनावी रथ यात्रा निकलकर अभियान की शुरूआत करने जा रहे हैं। चुनावी रथ से रायबरेली पहुंचने पर अखिलेश यादव कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन