राज्यमंत्री गिरीश यादव ने मृतक ग्राम प्रधान के परिजनों को सौंपा 10 लाख का चेक

 


जौनपुर, 22 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शुक्रवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड करंजाकला अंतर्गत ग्राम सभा खम्मौर पहुंचकर दिवंगत ग्राम प्रधान डॉ. राम जनम यादव के परिजनों से मुलाकात की। विगत दिनों सड़क दुर्घटना में डॉ. यादव की मृत्यु हो गई थी।

राज्यमंत्री ने उनकी पत्नी गीता देवी को पंचायत कल्याण कोष से 10 लाख रुपये का सहायता चेक प्रदान किया और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनपद जौनपुर ही नहीं बल्कि पूरे पूर्वांचल के चौमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार सड़क, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार प्रयासरत है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर नए अवसर सृजित करने की दिशा में भी गंभीरता से कार्य कर रही है, ताकि लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े।इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ‘मम्मन’, मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव