मुरादाबाद : दिनभर हुई बारिश ने काफी हद तक लोगों को गर्मी से दी राहत
लगातार बारिश से कई कालोनियां, गली-मोहल्ले हुए जलमग्न
मुरादाबाद, 09 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम मानसून एक बार फिर मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हुआ है। जिसके चलते लगातार दूसरे दिन आज सुबह से पड़ी बारिश रात तक रुक रुक कर जारी है। बीते एक पखवाड़े से उमस भरी गर्मी झेल रहे पीतलनगरीवासियों को गुरुवार को गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई। वहीं दिनभर हुई बारिश से महानगर की कई कालोनियां, गली मोहल्ले जलमग्न हो गए। कृषि के क्षेत्र से जुड़े लोगों में और बारिश होने की आस जाग उठी और आगामी फसलों का उत्पादन बढ़ने की उम्मीद खिल गई।
बीते एक पखवाड़े से अधिक से बेतहाशा गर्मी और उमस झेल रहे मुरादाबाद वासियों को गुरुवार सुबह से रात्रि 10 बजे तक शाम तक रुक रुक कर हुई बारिश ने राहत पहुंचाई हैं। राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार बुधवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
गुरुवार सुबह 8 बजे के बाद आसमान पर काली घटाएं घिरीं और गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर में कांठ रोड समेत कई जगहों पर आधे घंटे झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को भीषण उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई। मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि रविवार तक मुरादाबाद में बारिश या बूंदाबांदी जारी रहेगी। शुक्रवार को तेज बारिश होने की संभावना है। मानसून की लगातार होने वाली इस बारिश से गर्मी से काफी हद तक लोगों को छुटकारा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल