हमीरपुर : लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
55 कच्चे मकान ढहने से कई परिवारों के सामने रहने का संकट
हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से मौदहा तहसील क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। एक दर्जन से अधिक गांवों में 55 कच्चे मकान ढहने से कई परिवारों के सामने रहने का गहरा संकट खड़ा हो गया है, वहीं नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई मार्गों पर पानी भर गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने लारौंद और सिवनी गांवों में नावें लगाकर आवागमन बहाल कराया है और पीड़ितों को आर्थिक मुआवजा देने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है।
उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों की टीमों को नुकसान के सटीक आकलन के लिए लगाया गया है। सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होते ही नियमानुसार सभी पात्र परिवारों को क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाएगी। तहसीलदार महेंद्र गुप्ता ने बताया इस आपदा में राहत की बात यह है कि किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि अलग-अलग छानियों और हुसैना में पांच-पांच, नायकपुरवा में चार, खड़ेही लोधन व सिचौली में तीन-तीन, करहिया व निवादा में दो-दो तथा भभौरा, इमिलिया, जल्ला व महेरा में एक-एक कच्चा मकान गिर गया है। अन्य प्रभावित गांवों से भी लगातार रिपोर्ट जुटाई जा रही है। नदियों व रपटों पर जलस्तर बढ़ने के कारण लारौंद और सिवनी गांवों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है, जहां ग्रामीणों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रशासन की ओर से नावें संचालित की जा रही हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले और तटवर्ती क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा