यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है रेलवे परिवार : मंडल रेल प्रबंधक
मुरादाबाद, देहरादून, हरिद्वार, शाहजहांपुर, हरदोई, हापुड़ सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर कार्यक्रम हुए आयोजित
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने एक छोटी बच्ची से फीता कटवाया
मुरादाबाद, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधा को केंद्र में रखते हुए “संरक्षाबंधन” के रूप में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में गुरुवार को मंडल के प्रमुख स्टेशनों मुरादाबाद, देहरादून, हरिद्वार, शाहजहांपुर, हरदोई एवं हापुड़ सहित अन्य स्टेशनों पर यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे परिवार यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि इस विशेष पहल के माध्यम से रक्षाबंधन के पावन पर्व को सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी के संदेश से जोड़ते हुए यात्रियों एवं रेलकर्मियों के बीच सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
मुरादाबाद स्टेशन पर “संरक्षाबंधन सेल्फी बूथ” का शुभारंभ :
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने एक छोटी बच्ची से फीता कटवाकर तथा सेल्फी बूथ में प्रदर्शित ट्रेन मैनेजर के कटआउट को राखी बांधकर “संरक्षाबंधन सेल्फी बूथ” का शुभारंभ किया।
“एक राखी, एक वचन” विषय पर नुक्कड़ नाटक :
उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल की टीम द्वारा मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर “एक राखी, एक वचन” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
मंडल के स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्थापित किए गए साइन बोर्ड :
मुरादाबाद रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर “आपकी सुरक्षा हमारा सर्वोच्च कर्तव्य” तथा “सुरक्षित यात्रा का संकल्प-मुरादाबाद मंडल के साथ” जैसे संदेशों वाले साइन बोर्ड स्थापित किए गए। इन साइन बोर्डों पर यात्रियों ने हस्ताक्षर कर सुरक्षित रेल यात्रा का संकल्प लिया।
रेलकर्मियों को राखी बांधकर दिया सुरक्षा का संदेश :
रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल की टीम द्वारा मंडल कार्यालय, मुरादाबाद में अधिकारियों को राखी बांधी गई।
जागरूकता रैली को मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने दिखाई हरी झंडी :
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने आज मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम द्वारा आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, अपर मंडल रेल प्रबंधक परितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राजीव गुप्ता सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल