दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ अभियान में 42 डेयरी इकाइयों पर छापे

 


लखनऊ, 11 जुलाई (हि.स.)। दूध व दुग्ध उत्पादों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से चलाये गये प्रदेशव्यापी अभियान के दौरान 27 अन्तर्जनपदीय टीमों ने 42 दूध एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 116 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। साथ ही 34 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 28.50 लाख है।

अभियान के दौरान दूध, पनीर, दही, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण प्रतिष्ठानों, मिल्क चिलिंग सेंटर, मिल्क कलेक्शन सेंटर एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, कच्चे माल की गुणवत्ता, अभिलेखों के अनुरक्षण, पैकेजिंग एवं लेबलिंग प्रावधानों तथा संभावित मिलावट की गहन जांच करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शनिवार काे बताया कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान छोटे एवं खुदरा कारोबारियों अथवा हाकरों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न न किया जाए। विभाग की कार्रवाई संगठित रूप से मिलावट करने वाले तत्वों के विरुद्ध निरंतर जारी रहेगी तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी संचालित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन