कुत्ते के काटने के तीन माह बाद बुजुर्ग में दिखे रैबीज के लक्षण

 


गंभीर हालत में बुजुर्ग हायर सेंटर रेफर, लग चुके थे रैबीज नाशक इंजेक्शन

फर्रुखाबाद,28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग में कुत्ते के काटने के तीन माह बाद रैबीज के लक्षण सामने आए हैं। हालत बिगड़ने पर उन्हें शनिवार फर्रुखाबाद जिले के लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, एटा जनपद के नया गांव थाना क्षेत्र के रणधीरपुर जुनेदपुर गांव निवासी बुजुर्ग सोनपाल को तीन माह पूर्व खेत पर काम करते समय एक कुत्ते ने पैर में काट लिया था। परिजनों के मुताबिक, कुत्ते के काटने के बाद उन्हें अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां रैबीज से बचाव के लिए वैक्सीन की सभी आवश्यक खुराकें लगाई गई थीं।

बताया गया कि शुक्रवार से सोनपाल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। पहले उन्हें गांव के एक चिकित्सक को दिखाया गया, जिन्होंने हालत गंभीर देखते हुए बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद शनिवार को उनकी बेटी नेता और समधिन शांति देवी उन्हें लेकर फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचीं।

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को हायर सेंटर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, मरीज में रैबीज के स्पष्ट लक्षण दिखाई दे रहे थे और उसकी स्थिति स्थिर नहीं थी। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि रैबीज को हाइड्रोफोबिया भी कहा जाता है, जिसमें मरीज को पानी देखकर डर लगने लगता है। मामले को गंभीर मानते हुए आगे इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अमनेंद्र कुमार ने बताया कि रैबीज नाशक इंजेक्शन लगने के बाद रोगी की हालत बिगड़ना जांच का विषय है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar