शादी समारोह में मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में दो गिरफ्तार
गोरखपुर, 11 मई (हि.स.)। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 फरवरी की है। थाना क्षेत्र के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल फैल गया था।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना सिकरीगंज में मु0अ0सं0 35/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 103(1), 131 एवं 115(2) भा0न्या0सं0 में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
लगातार की जा रही दबिश और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस ने अभियुक्त मुकेश चौहान पुत्र विरेन्द्र चौहान तथा पट्टू उर्फ लक्ष्मण चौहान पुत्र दिनेश चौहान, निवासी ग्राम हरिजनपुर थाना सिकरीगंज, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई कर सामाजिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय