सीबीएसई दसवीं परीक्षा में फिजिक्स वाला के छात्रों ने दर्ज की शानदार सफलता

 


प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स)। फिजिक्स वाला (पीडब्लू) के कई छात्रों ने सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में शानदार अंक हासिल किए हैं। इनमें कुछ छात्र ऐसे भी रहे, जिन्होंने पूरे 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। फिजिक्स वाला विद्यापीठ, जो पीडब्लू के टेक इनेबल्ड ऑफलाइन केंद्र हैं, ने प्रयागराज में शनिवार को एक सम्मान समारोह आयोजित किया।

परिणामों पर टिप्पणी करते हुए फिजिक्स वाला के संस्थापक एवं सीईओ अलख पांडेय ने कहा, हम उन सभी छात्रों पर गर्व करते हैं जिन्होंने परीक्षा दी और उनकी मेहनत व समर्पण की सराहना करते हैं। विशेष रूप से हम उन छात्रों को बधाई देते हैं जिन्होंने पूर्ण अंक प्राप्त किए।

उन्होंने बताया कि फिजिक्स वाला एक शिक्षा मंच है, जिसकी स्थापना 2020 में अलख पांडेय और प्रतीक माहेश्वरी ने की थी। इसका मुख्यालय नोएडा, उत्तर प्रदेश में स्थित है। इसका उद्देश्य ऑनलाइन, ऑफलाइन और हाइब्रिड प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से शिक्षा को सुलभ बनाना है।

उन्होंने कहा कि शीर्ष प्रदर्शन करने वाले छात्रों में फाजिल्का पंजाब के वैभव अरोड़ा, अहमदाबाद गुजरात के अमोलिक पंडिता और भुवनेश्वर ओडिशा के आयुष्मान मोहापात्रा शामिल हैं। जिन्होंने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर देश में सर्वोच्च रैंक प्राप्त की है। आज शहर के उन छात्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने दसवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनमें काव्या सिंह (97 प्रतिशत) प्रमुख रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र