सम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर पूर्वांचल विश्वविद्यालय सख्त, कॉलेजों को जारी किए कड़े निर्देश

 


जौनपुर,22 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर परीक्षाओं के सुचारु और पारदर्शी संचालन को लेकर संबद्ध महाविद्यालयों के प्रति सख्त रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आंतरिक एवं प्रायोगिक अंक समय से अपलोड न करने, केंद्राध्यक्ष नियुक्त न करने और सीसीटीवी मॉनिटरिंग से न जुड़ने वाले कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।मंगलवार को विश्वविद्यालय के सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्ष से कुलपति प्रो. वंदना सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह, कुलसचिव केशलाल और प्रो. मनोज मिश्र ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का ऑनलाइन निरीक्षण किया। वहीं परीक्षा नियंत्रक ने जौनपुर के केडीएस महाविद्यालय और श्रद्धा शंकर महिला महाविद्यालय का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।भीषण गर्मी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पंखों और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कुलपति ने स्पष्ट किया कि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।विश्वविद्यालय ने बीएससी (एग्रीकल्चर), एमएससी (एग्रीकल्चर), बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों के आंतरिक व प्रायोगिक अंक अपलोड न करने वाले कॉलेजों पर कड़ा रुख अपनाते हुए 23 अप्रैल 2026 तक अंतिम समय सीमा निर्धारित की है। चेतावनी दी गई है कि समय से अंक अपलोड न करने पर संबंधित महाविद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस मामले में मंगलवार को जानकारी देते परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जिन कॉलेजों ने अभी तक अपने केंद्रों को सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल से नहीं जोड़ा है या केंद्राध्यक्ष नियुक्त नहीं किए हैं, उन्हें भी 23 अप्रैल तक का अंतिम अवसर दिया गया है। इसके बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव