पर्पल फेयर में दिव्यांगजनों की प्रतिभा और हुनर को मिला मंच, सांसद ने किया उत्साहवर्धन
जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में 'पर्पल फेयर जौनपुर-2026' का आयोजन किया गया। इसमें दिव्यांगजनों की प्रतिभा, हुनर और आत्मनिर्भरता को मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समेकित क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी), वाराणसी की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने दिव्यांगजनों की प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड की सदस्य राधा सिंह, बीआरपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश कुमार जायसवाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष कुमार झा ने स्वागत भाषण में संस्थान की ओर से दिव्यांगजनों के कौशल विकास, पुनर्वास और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
महोत्सव में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार चित्रकला और हस्तशिल्प की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। दिव्यांग उद्यमियों और उनकी संस्थाओं को उत्पादों की बिक्री के लिए निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए। दिव्यांग बच्चों की बनाई राखियों और अन्य उत्पादों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा टॉक शो, प्रेरक व्याख्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सहायक उपकरण वितरण, यूडीआईडी एवं निरामया पंजीकरण हेल्पडेस्क तथा फूड और फन जोन की व्यवस्था की गई।
इस मौके पर मुख्य अतिथि विद्यासागर सोनकर सांसद राज्यसभा ने कहा कि पर्पल फेयर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समान अवसर उपलब्ध कराने, उनकी क्षमताओं को पहचान दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
आयोजन में नमो नारायण पाठक, अंशु शाही, दिनेश जायसवाल सहित सीआरसी वाराणसी के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव