पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी के पति पूरन चंद्र जोशी का निधन
प्रयागराज, 04 मई (हि.स.)। पूर्व कैबिनेट मंत्री व पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पूरन चंद्र जोशी का सोमवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब 07 बजे लखनऊ स्थित पीजीआई में अंतिम सांस ली। वह 79 वर्ष के थे।
बताया जा रहा है कि पूरन चंद्र जोशी बीते बृहस्पतिवार रात अचानक अस्वस्थ हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल पीजीआई में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था और उपचार के दौरान ही वह कोमा में चले गए थे। लगातार इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और सोमवार सुबह उनका निधन हो गया।
पूरन चंद्र जोशी टीएसएल नैनी में इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही शोक की लहर फैल गई। उनका पार्थिव शरीर लखनऊ से प्रयागराज लाया गया, जहां शाम करीब 04 बजे उनके मिंटो रोड स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
मंगलवार को दोपहर 2 बजे उनका अंतिम संस्कार दारागंज घाट पर किया जाएगा।
शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके आवास पर पहुंचे। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में विजय बहुगुणा, सौरभ बहुगुणा, गणेश केसरवानी, संजय गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अधिवक्ता व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
हजारों की संख्या में लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल