अखिलेश यादव से मिले पंजाबी सिंगर मनकीरत, बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए की सराहना

 


लखनऊ, 16 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मंगलवार को पंजाब के पापुलर सिंगर मनकीरत ने भेंट की। अखिलेश यादव ने उन्हें शाल ओढ़ाकर तथा बुके देकर सम्मानित किया। श्री यादव ने कहा कि सिंगर मनकीरत केवल हिन्दुस्तान ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बहुत लोकप्रिय हैं। गीत-संगीत की दुनिया में उनका बड़ा नाम है। उन्होंने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद में 5 करोड़ की धनराशि अब तक खर्च कर देने के लिए उनकी सराहना की।

अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सिख समाज ने देश-विदेश में अपनी मेहनत से अलग पहचान बनाई है। सरकार ने उनकी वैसी मदद नहीं की जैसी करनी चाहिए थी। भाजपा की डबल इंजन सरकार किसान, नौजवान और महिला विरोधी है। हिरासत में मौतें हो रही है। फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। महिलाएं, बच्चियां असुरक्षित है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। लोकतंत्र में वोटों की लूट की जा रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में बाढ़ की समस्या गंभीर है। इससे लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। वे सब परेशान है। बड़ी संख्या में पशु और मनुष्य बाढ़ में बह गए है। बाढ़ग्रस्त इलाकों में फंसे लोगों को राहत सामग्री पहुंचाने में सरकार विफल है। लोगों की सुरक्षा और पशु चारे की कोई व्यवस्था नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह बाढ़ग्रस्त परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई करे। बाढ़ग्रस्त इलाकों में दवा-इलाज की व्यवस्था करे। बाढ़ का पानी उतरने पर फैलने वाले तमाम रोगों की रोकथाम की पहले से व्यवस्था करनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक आशु मलिक, पूर्व शिक्षामंत्री इकबाल महमूद, विधायक फहीम इरफान, पूर्व विधायक प्रदीप यादव आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा