पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, सांसद रवि किशन ने पिलाई पहली खुराक
गोरखपुर, 28 जून (हि.स.)। जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान की औपचारिक शुरुआत सदर सांसद रवि किशन ने की। उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को हर बार पोलियो ड्रॉप जरूर पिलाएं।
सांसद ने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में वायरस की मौजूदगी को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है। नियमित टीकाकरण ही बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रख सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिले में शुरू किए गए नए नवाचार “मातृ सेवा कार्यक्रम” की भी लॉन्चिंग की गई। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर समय से उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सांसद ने इसे मातृ मृत्यु दर कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 1887 पोलियो बूथों पर रविवार को बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि 29 जून से 3 जुलाई तक टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक देंगी। अधिकारियों के अनुसार यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने में प्रभावी है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय