पीयू की कुलपति प्रो. वंदना सिंह को मिला प्रतिष्ठित “माटी सम्मान”, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया सम्मानित

 




जौनपुर,01अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह को पूर्वांचल क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित “माटी सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा 31 मार्च 2026 को पूर्वांचल महोत्सव ‘माटी-9’ कार्यक्रम के दौरान गांधी दर्शन परिसर, राजघाट (नई दिल्ली) में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “माटी” संस्था एवं गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया गया।नई दिल्ली से लौटने के बाद बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रो. वंदना सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी।इस अवसर पर प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि यह सम्मान उन्हें निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में निष्काम भाव से कार्य करते रहना चाहिए।कुलसचिव केशलाल ने कहा कि यह सम्मान कुलपति के उत्कृष्ट नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचारों का प्रतीक है। परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने इसे पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को नई ऊर्जा मिलेगी।अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रो. मनोज मिश्रा ने किया। इस दौरान प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. देवराज सिंह, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. संदीप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. गिरधर मिश्रा, प्रो. विनोद कुमार, प्रो. राम नारायण सहित अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन कुलपति के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव