बाढ़ प्रभावित लोगों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराएं : अनुभव सिंह

 


कानपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को आवागमन, राहत, चिकित्सा समेत सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए। यह बातें ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के दौरान कहीं।

गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तिवारी घाट और पुराना कानपुर समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुराना कानपुर की गलियों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित होने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का आकलन किया।

यहां प्रभावित सात परिवारों के 35 लोगों को कंपोजिट विद्यालय कन्या, पुराना कानपुर में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया। शिविर में प्रभावित परिवारों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है।

भोपालपुरवा, भगवानदीनपुरवा और बनियापुरवा की आबादी में भी गंगा का पानी पहुंचने की सूचना पर प्रशासन ने निरीक्षण कराया। मौके पर घरों में पानी नहीं मिला, लेकिन संपर्क मार्गों पर जलभराव होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित पाई गई।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन सुचारु रखने के लिए चार नाव और दो ट्रैक्टर निःशुल्क लगाए हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बनियापुरवा चौराहे पर बाढ़ राहत चौकी भी स्थापित की गई है।

भोपालपुरवा-बनियापुरवा बैराज मार्ग पर राहत शिविर संचालित किया जा रहा है। वहीं आमजन के साथ मवेशियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए मेडिकल कैंप भी सक्रिय कर दिए गए हैं।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थिति के अनुसार राहत एवं बचाव से जुड़ी व्यवस्थाएं बिना देरी सुनिश्चित की जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप