प्रवक्ता परीक्षा-2022 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी
--18 मई तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे आपत्तियां
--आयोग की वेबसाइट पर सभी विषयों की मास्टर सेट उत्तरकुंजी अपलोड
प्रयागराज, 12 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने मंगलवार को बताया है कि आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत आयोजित प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा, जो 09 एवं 10 मई को सम्पन्न हुई थी, उसके सभी विषयों की मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकनार्थ आज आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, इतिहास, शिक्षा, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी एवं कला सहित सभी विषयों की प्रोविजनल उत्तरकुंजी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि अभ्यर्थी आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक प्रोविजनल उत्तरकुंजी आपत्ति पोर्टल के माध्यम से अपने अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि अंकित कर लॉगिन करने के उपरान्त मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी का मिलान कर सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तरकुंजी के संबंध में कोई आपत्ति हो तो वह 12 से 18 मई की रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है।
उन्होंने बताया कि आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी। अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। आयोग द्वारा आपत्ति दर्ज करने संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश भी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र