एलएलबी छात्रों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, जल्द होगा सकारात्मक निर्णय : राकेश कुमार

 


कानपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। विश्वविद्यालय छात्रों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जल्द ही कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर छात्रों के पक्ष में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। यह बातें बुधवार काे छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने कहीं।

विश्वविद्यालय में एलएलबी परीक्षा परिणामों को लेकर छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा परिणामों और नियमों को लेकर उत्पन्न भ्रम की स्थिति पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों की एक विशेष समिति का गठन किया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, समिति पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा कर न्यायसंगत समाधान प्रस्तुत करेगी। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों के शैक्षणिक सत्र की रक्षा करना और उनके भविष्य को सुरक्षित रखना है। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक और विधि विशेषज्ञ अध्यादेश के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत समीक्षा कर रहे हैं।

गठित समिति में निदेशक महाविद्यालय विकास परिषद प्रो. आर.के. द्विवेदी, विधि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. पी.एन. त्रिवेदी, प्रो. आर.के. पाण्डेय, दयानंद कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य प्रो. राजीव शुक्ला, बीएनडी कॉलेज के डॉ. ओमेन्द्र सिंह तथा अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के सह-आचार्य डॉ. शशिकांत त्रिपाठी को संयोजक बनाया गया है। समिति छात्रों का पक्ष भी सुनेगी।

डॉ. शशिकांत त्रिपाठी छात्रों से सीधे संवाद कर उनके सुझाव समिति के समक्ष रखेंगे। विश्वविद्यालय ने विधि छात्रों से अपने सुझाव coeoffice@csjmu.ac.in ईमेल के माध्यम से भेजने की अपील की है। बैठक में प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी, प्रो. विवेक द्विवेदी, प्रो. नीरू टंडन, उप-कुलसचिव (परीक्षा) अंजलि मौर्य सहित विश्वविद्यालय एवं संबद्ध विधि महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप