दिल्ली के रामलीला मैदान में 4 अप्रैल को शिक्षक संघ करेगा महारैली

 




- प्राथमिक शिक्षक संघ की समीक्षा बैठक संपन्न, 4 अप्रैल की महारैली को लेकर बनी रणनीति

देवरिया, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद देवरिया की जिला कार्यकारिणी की समीक्षा बैठक जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को शिक्षक भवन में संपन्न हुई।

बैठक प्रदेशीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेशीय पर्यवेक्षक व मंत्री श्रीधर मिश्रा तथा मंडलीय पर्यवेक्षक बस्ती के मंत्री चंद्रिका सिंह की देखरेख में आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉकवार तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में 4 अप्रैल 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली को लेकर विशेष चर्चा हुई। सभी ब्लॉकों से जाने वाले शिक्षकों के ट्रेन टिकट और वाहन संख्या का ब्यौरा लिया गया। प्रदेशीय मंत्री श्रीधर मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य करना और अर्हता न होने पर सेवा से हटाने का आदेश अन्यायपूर्ण है। यह शिक्षकों के अस्तित्व का सवाल है और इसके खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाई जाएगी।

मंडलीय मंत्री चंद्रिका सिंह ने कहा कि टीईटी का मुद्दा अब राष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है और टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया इस पर सफलता मिलने तक आंदोलन जारी रखेगा। बताया गया कि 4 अप्रैल को रामलीला मैदान में 16 राज्यों के लाखों शिक्षक जुटेंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यह महारैली देशभर के शिक्षकों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर हो रहे अन्याय के खिलाफ आयोजित की जा रही है, जिसे विभिन्न राज्यों का समर्थन मिल चुका है।

जूनियर अध्यक्ष रामाजी यादव ने बताया कि देवरिया से लगभग 1000 शिक्षक रैली में भाग लेंगे और प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम 50 शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक का संचालन जिला संयुक्त मंत्री ऋषिकेश जायसवाल व मीडिया प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश मणि, उपाध्यक्ष बैजनाथ पति त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक